फिरोजाबाद के नगला भाऊ में घर में घुसकर महिला को गोली मारने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने बताया कि महिला ने उससे अभद्रता कर दी थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
ये है पूरा मामला
नगला भाऊ निवासी महिला को गोली मारने के मुख्य आरोपी महेश कुमार को दक्षिण थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर पुलिस ने जेल भेज दिया है। पुलिस फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को प्रयास कर रही है। बता दें दक्षिण थाना क्षेत्र के मोहल्ला नगला भाऊ निवासी महिला को उस वक्त आरोपियों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। जब वह घर के अंदर चारपाई पर लेटी थी। गोली महिला के पेट में लगी थी। उसकी हालत गंभीर होने पर उपचार को आगर रेफर कर दिया था। महिला के पति की तहरीर पर दक्षिण थाना पुलिस ने नगला भाऊ निवासी पार्षद अभिन्नेंद्र यादव, महेश, अनिल और रामनाथ के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया था।
यहां से हुई गिरफ्तारी
थानाध्यक्ष दक्षिण बैजनाथ सिंह ने बताया रविवार रात मुख्य आरोपी महेश को नगला भाऊ चौराहा के पास से गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह महिला से अवैध संबंध बनाना चाहता था। विरोध करने के साथ ही अभद्रता कर दी थी। महिला द्वारा की गई अभद्रता का बदला लेने के लिए वह अपने साथियों को लेकर महिला के यहां पहुंचा था। महिला से विवाद होने पर रामनाथ ने महिला को गोली मारी थी। तमंचा रामनाथ साथ लेकर गया था। गिरफ्तार किए गए आरोपी को जेल भेज दिया है। पार्षद सहित अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।