सिरसागंज। थाना क्षेत्र के में चौकी बाबा की शाला के पास स्थित गुराऊ टोल के निकट एक महिला को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने रौंद दिया। ग्राम गुराऊ निवासी निर्मला देवी (58) रविवार शाम करीब 6 बजे अपने घर से पास ही स्थित डेयरी पर दूध लेने के लिए जा रही थीं। जैसे ही वे गुराऊ टोल के समीप सड़क पार करने लगीं, तभी अचानक आए एक तेज रफ्तार व अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि निर्मला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। सीओ चंचल त्यागी ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रैक्टर की पहचान कर ली गई है और जल्द ही ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद