आग लगने के बाद लोगों ने फसल काटकर अन्य खेत से अलग कर दी।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में हाईटेंशन लाइन टूटने से निकली चिंगारी से खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। लेकिन ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा नुकसान होने से बच गया। पीड़ित ने मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। वहीं निगम के अधिकारियों ने लाइन के नीचे वाली फसल को काटने की किसानों से अपील की है।
घटना जसराना ब्लॉक क्षेत्र के टीकामई गांव की है। गांव निवासी विनोद कुमार की गेहूं की फसल में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। इससे गेहूं की फसल में आग लग गई। मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए और विद्युत उपकेंद्र बनवारा में सूचना दी। पीड़ित ने कहा कि पिछले वर्ष भी इसी प्रकार पकी फसल में आग लग लगी थी। लेकिन, विद्युत निगम के अधिकारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई।
जेई ने किया नुकसान का आकंलन
खेत में आग लगने की सूचना पर अवर अभियंता (जेई) नमेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने नुकसान का आकलन किया। अवर अभियंता ने कहा बिजली के तार पुराने हो चुके हैं। शासन को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने सभी किसानों से अपील करते हुए कहा कि जिनकी फसल पककर तैयार हो गई है, वो बिजली के तारों के नीचे से गेहूं की फसल काट लें।