शिकोहाबाद। एक शादी समारोह के दौरान हंसी-मजाक विवाद में बदल गया। महिला के साथ अभद्रता और परिजन की पिटाई की गई। पीड़िता ने थाना शिकोहाबाद में प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना नारखी के गांव नगला राधे निवासी नीरज देवी ने बताया कि 20 अप्रैल को नसीरपुर के ग्राम नगला भूप में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। मंडप की रस्म के दौरान मजाक में उनका विवाद बाकलपुर निवासी मानवेंद्र उर्फ पिंकी से हो गया। उस समय तो मामला शांत हो गया, लेकिन मानवेंद्र ने रंजिश मान ली। दो दिन बाद वह परिजन रामनरेश और जीतू निवासी नगला प्रेम सिंह के साथ शादी का सामान लेकर वापस घर लौट रही थीं। जलालपुर की पुलिया के पास पहले से घात लगाए बैठे मानवेंद्र और उसके साथी सीटू व शिवा ने पीटना शुरू कर दिया। इंस्पेक्टर शिकोहाबाद ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।