फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ पुलिस ने एक अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी को पकड़ा। पुलिस ने मौके से नौ बने एवं कई अधबने तमंचे बरामद करने के साथ ही एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अवैध फैक्टरी में बने असलहे लोकसभा चुनाव के दौरान खपाने की योजना थी। सूचना पर थाना रामगढ़ पुलिस ने बुधवार को नगला गुलरिया स्थित अमन वाटर पार्क के पास एक सूनसान जगह पर दबिश दी। मौके पर नजारा देख पुलिस टीम दंग रह गई। मौके पर अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी संचालित की जा रही थी। फैक्टरी में नौ बने हुए तमंचे एवं कई अधबने तमंचाें के अलावा अवैध शस्त्र बनाने में प्रयुक्त सामान आरी, प्लास, छोटे-बड़े पेचकस, स्प्रिंग आदि बरामद हुए। मौके से रंजीत उर्फ अंजय निवासी सब्जी मंडी पीपल चौक सैलई को गिरफ्तार किया गया। एससी सिटी सर्वेश मिश्र ने एसपी सिटी कार्यालय में वार्ता के दौरान बताया कि पकड़े गए रंजीत पर पूर्व में भी कई मामले अलग-अलग थाना में दर्ज हैं।