फीरोजाबाद। ओझा नगर के बाशिंदे एक माह से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। लोगों ने बुधवार को नगर आयुक्त से समस्या का निदान कराने की मांग की।
शहर की जनता पेयजल, सफाई की मूलभूत समस्याओं के निदान को नगर निगम के चक्कर काट रही है, परंतु जिम्मेदार अधिकारी कोरे आश्वासन दे कर टरका देते हैं। ऐसी स्थिति में जनता में आक्रोश पनप रहा है। ओझा नगर में भी एक माह से पेयजल की गंभीर समस्या है। पेयजल आपूर्ति को स्थापित सबमर्सिबल खराब होने से जनता बूंद-बूंद पानी को भटक रही है। क्षेत्रीय जनता की शिकायत पर जलकल विभाग के जेई निरीक्षण कर लौट आए और सबमर्सिबल की पंप न होने की बात कह कर मामला टाल दिया। क्षेत्रीय निवासी अरुण शर्मा का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अभी सबमर्सिबल ठीक नहीं कराया गया और नहीं पेयजल आपूर्ति के लिए टैंकर भेजे जा रहे हैं। इस पर नगर आयुक्त ने कड़ा आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि यदि ठेकेदार मोटर की आपूर्ति नहीं कर रहा है तो दूसरे ठेकेदार से मोटर मंगाकर सबमर्सिबल ठीक कराई जाए। जलकल विभाग के महाप्रबंधक बीएन द्विवेदी ने गुरुवार की सायं तक हर हाल में सबमर्सिबल ठीक कराने का आश्वासन दिया। अजय, भोले, संतोष, मनोज, राजेश, राकेश, जयमाला, सुनीता शर्मा, रानी तोमर, भूरीदेवी, मीरा, मिथलेश, बंटू, सुनील, ओमप्रकाश मौजूद थे।