टूंडला। ग्राम पंचायत अनवारा के मजरा नगला सोना में पेयजल टंकी की सबमर्सिबल खराब हो जाने से क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। पिछले एक हफ्ते से ग्रामीण पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। सबमर्सिबल की शिकायतों को लेकर ग्राम प्रधान व जल निगम एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। इसको लेकर ग्रामीणों में रोष है। शुक्रवार को पेयजल समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।नगला सोना स्थित पेयजल टंकी से आसपास के पांच गांवों में पानी की सप्लाई होती है। करीब 10 हजार की आबादी वाले इन पांच गांवों में इस टंकी से करीब दो हजार कनेक्शन हैं। गांव नगला सोना निवासी संजीव कुमार एडवोकेट ने बताया कि करीब सप्ताह पूर्व पेयजल टंकी की सबमर्सिबल खराब हो गई। इसकी उन्होंने जानकारी अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को दी, लेकिन किसी ने कोई सुनवाई नहीं की है। पेयजल के लिए ग्रामीण नलकूपों व निजी सबमर्सिबल वालों के यहां भटक रहे हैं।
एक सप्ताह बाद भी कोई सुनवाई न होने से ग्रामीणों का धैर्य जबाव दे गया। ग्रामीणों ने खराब हुई सबमर्सिबल को ठीक कराने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया तथा अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध नारेबाजी की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही खराब सबमर्सिबल को सही कराते हुए टंकी से पानी की सप्लाई नहीं दी गई तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। चेतावनी देने व विरोध प्रदर्शन करने वालों में जितेंद्र सिंह, अमर सिंह, राज गब्बर, रवि कुमार, मोमराज सिंह, रविंद्र सिंह, उत्तम सिंह, सतीश कुमार, अजीत कुमार, हाकिम सिंह, भविष्यचंद्र आदि हैं।
ये गांव हैं प्रभावित
नगला सोना स्थित पेयजल टंकी की सबमर्सिबल खराब होने से नगला सोना, नगला लल्लू, नगला रामबख्श, नगला तेजपाल, नगला झम्मन आदि गांव प्रभावित हैं।
-अभी तक जल निगम ने पेजयल टंकी को ग्राम पंचायत के हैंडओवर नहीं किया है। इसलिए इसकी जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की नहीं है। जल निगम ही खराब सबमर्सिबल को ठीक कराएगा।
संजय यादव, ग्राम प्रधान अनवारा
नगला सोना टंकी 13 जनवरी 2022 को ग्राम प्रधान के हैंडओवर कर दी गई है। अगर ग्राम प्रधान हैंडओवर न करने की बात कह रहे हैं तो गलत है। सबमर्सिबल सही कराने का ग्राम प्रधान का ही दायित्व बनता है।
संदेश कर्दल, अवर अभियंता, जल निगम फिरोजाबाद