जसराना। पाढ़म में चारागाह की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर लेखपाल रणजीत कुमार द्वारा भूमि का चिन्हांकन किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। शुक्रवार को ममता, रूबी, अभिषेक, अमरुद्दीन, पंचम सिंह, अजब सिंह, दिलीप, सीटू और रामफल सहित बीस से अधिक महिला-पुरुष जसराना तहसील पहुंचे और एसडीएम को प्रार्थना पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने लेखपाल पर कुछ लोगों के बहकावे में आकर दो मकान तोड़ने तथा अन्य मकानों को खाली कराने की धमकी देने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से वहां रह रहे हैं। इस संबंध में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मानवेंद्र प्रताप सिंह, अवधेश राजपूत और मुनेंद्र चौहान ने भी एसडीएम से मिलकर किसी का मकान न तोड़ने की बात कही। दूसरी ओर, एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि केवल भूमि चिन्हित की गई है, किसी का मकान नहीं तोड़ा गया है। कुछ लोग एक व्यक्ति के भड़काने पर आए थे, और यदि कोई अवैध कब्जा पाया गया तो कानूनी प्रक्रिया के तहत ही कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।