फिरोजाबाद। मतदान केंद्र पर मोबाइल ले जाने पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बाद भी नियमों को तांक पर रख मोबाइल अंदर ले जाए गए। साथ ही वोट डालने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित भी किए गए। वीडियो अपलोड करने वालों में कई पार्टी विशेष के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हैं। वहीं फरिहा में इसी मामले में एक युवक को हिरासत में लिया गया है। निर्वाचन आयोग से आदेश पारित होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश जारी किए थे कि जिले के किसी भी मतदान केंद्र पर वोट डालने के दौरान किसी को भी मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके बाद भी मंगलवार को मतदान प्रक्रिया शुरू होने के करीब चार घंटे बाद ही सोशल मीडिया पर वोट डालने के वीडियो प्रसारित होने लगे। कई लोगों ने आपस में शर्त लगाई और वीडियो में दर्शाया कि उन्होंने किस प्रत्याशी को अपना वोट दिया है। ऐसा करने वालो में पार्टी विशेष के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल रहे।