शिकोहाबाद। मृतक आश्रित के नाम जमीन कराने के लिए शिकोहाबाद तहसील में तैनात एक लेखपाल का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। तहसील प्रशासन ने इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी लेखपाल को तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर निलंबित कर दिया। हाथवंत ब्लॉक के सांती गांव में एक मृतक आश्रित के नाम जमीन कराने के बदले में लेखपाल नरेंद्र कुमार का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हो गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि यह वीडियो कुछ दिनों पुराना बताया जा रहा है। तहसील प्रशासन ने इस वीडियो का संज्ञान लिया है। एसडीएम विकल्प के आदेश पर तहसीलदार ने इस वीडियो की जांच रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम को प्रेषित की है। जिसके आधार पर एसडीएम ने आरोपी लेखपाल को निलंबित कर दिया है।
एसडीएम विकल्प ने बताया कि लेखपाल का दो हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसकी जांच तहसीलदार को सौंपी गई थी। तहसीलदार की जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी लेखपाल को निलंबित कर दिया है।