शिकोहाबाद। वाहन पार्किंग को लेकर प्राइवेट अस्पताल के चिकित्सक, नर्स एवं वाहन स्वामी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि वाहन स्वामी ने चिकित्सक एवं नर्स के साथ अभद्रता की। इसके चलते पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। बालाजी मंदिर के पास प्राइवेट अस्पताल मां वैष्णो में ऊषा राजपूत निवासी इंदुमई स्टाफ नर्स का काम करती हैं। उनका आरोप है कि पड़ोस में ही रहने वाले युवक ने वाहन पार्किंग को लेकर अस्पताल के चिकित्सक से अभद्रता की थी। इसका जब नर्स ने विरोध किया तो उसके साथ भी अभद्रता की। इसके चलते पुलिस ने आरोपी वाहन स्वामी को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। नर्स की शिकायत पर आरोपी को पकड़ा गया है। जिसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।