फिरोजाबाद। सरकारी ट्रामा सेंटर में झूला झूलने के विवाद में घायल जितेंद्र सिंह को उपचार के लिए पहुंचे तीमारदार राहुल के साथ स्वास्थ्य कर्मियों ने अभद्रता की। बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के गांव नगला शेख निवासी राहुल ने बताया कि मढुआ माता मंदिर पर बच्चों के झूला झूलने को लेकर हुए विवाद में संचालक और उसके साथियों ने जितेंद्र पर लोहे की सरिया व ईंट से प्रहार कर घायल कर दिया था, जिन्हें पुलिस ट्रामा सेंटर लाई थी। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक द्वारा बिना मजरूबी चिट्ठी के उपचार करने से इनकार करने और बाद में जब स्वास्थ्य कर्मी टांके लगाने लगा, तो तीमारदार द्वारा वीडियो बनाने पर गुस्साए स्वास्थ्य कर्मी ने राहुल का मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया। जिससे वहां हंगामा मच गया। सुरक्षाकर्मियों ने बमुश्किल मामला शांत कराया और मंगलवार को इसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया। इस संबंध में सीएमएस डॉ. नवीन जैन ने बताया कि आरोपी स्वास्थ्य कर्मी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है, जबकि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। संवाद