जसराना। एटा की तरफ से बुधवार रात आ रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर दो मकानों की दीवार को तोड़ता हुआ अंदर जा घुसा। घर में सो रहे लोगों में आपाधापी मच गई। चालक ट्रैक्टर को छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पुलिस पहुंची और ट्रैक्टर को अपने साथ कोतवाली ले गई। वहीं दो अन्य वाहन भी भिड़ने से बच गए।रात में एक ट्रैक्टर मिट्टी मिलाने वाले मिक्सर को लेकर शिकोहाबाद की तरफ जा रहा था। एटा रोड पर ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर किशन यादव एवं राजवीर शर्मा के मकानों में घुस गया। तेज आवाज के साथ मकानों में घुसे ट्रैक्टर से लोग चौंक गए। लोगों में आपाधापी की स्थिति मच गई। टक्कर के कारण ट्रैक्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं मकानों की दीवारें व बाहर लगा खंभा गिर गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। काफी देर तक एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ट्रैक्टर को कोतवाली पहुंचाकर यातायात सुचारू कराया। पीड़ित किशन यादव ने बताया कि हादसे के बाद पीछे से आ रही एक डीसीएम एक अन्य मकान में घुसने से बच गई। वहीं मैक्स चालक ने लोगों को अपनी चपेट में ले लिया होता।