शिकोहाबाद। परिजन की डांट से नाराज होकर असम के बोंगई शहर से दिल्ली नौकरी की तलाश में जा रही 17 और 16 वर्षीय दो नाबालिग सहेलियों को आरपीएफ शिकोहाबाद ने ब्रह्मपुत्र मेल एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15658) के जनरल कोच से सुरक्षित रेस्क्यू किया। चाइल्ड लाइन फिरोजाबाद से मिली सूचना के आधार पर आरपीएफ ने 6 अगस्त की रात्रि लगभग पौने एक बजे शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान दोनों को ट्रेन से उतारा। इसके बाद उनका मेडिकल कराकर उन्हें चाइल्ड लाइन फिरोजाबाद के सुपुर्द कर दिया गया तथा उनके परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी गई है। यह जानकारी आरपीएफ शिकोहाबाद प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने दी। संवाद