टूंडला। पंजाब में भारी बारिश के चलते ट्रेनों पर भारी असर पड़ा है। रेल ट्रैक बाधित होने पर रेल प्रशासन ने बुधवार को दो ट्रेनों को रद्द कर दिया। वहीं पंजाब जाने वाली दो ट्रेनें कई घंटे देरी से चलीं। ट्रेनों के देरी से चलने पर रेल यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के चलते अंबाला मंडल की ट्रेनों पर भारी असर पड़ रहा है। पंजाब में रेल ट्रैक पर पानी भरने पर रेल प्रशासन ने बुधवार को डाउन की ऊंचाहार एक्सप्रेस व ऊधमपुर-सूबेदार गंज एक्सप्रेस को रद्द कर दिया। वहीं पंजाब से आने वाली ट्रेनों को मार्ग परिवर्तित कर चलाए जाने पर कई-कई घंटे देरी से टूंडला रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेनों के रद्द होने एवं देरी से चलने पर रेल यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सहाय मंडल यातायात प्रबंधक रविन्द्र शर्मा ने बताया कि ट्रेनों के रद्द होने एवं मार्ग परिवर्तित होने पर जिन रेल यात्रियों के रिजर्वेशन हैं, उन्हें मैसेज भेजकर अवगत कराया जा रहा है। जो यात्री साधारण टिकट पर यात्रा करते हैं, उन्हें थोड़ा परेशानी का सामना करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ पर रद्द की गई मुरी एक्सप्रेस को बृहस्पतिवार को खुर्जा रेलवे स्टेशन से निर्धारित समय पर चलाया जाएगा।
ये ट्रेनें चलीं देर से
कानपुर की ओर जाने वाली मुरी एक्सप्रेस पौने सात घंटे, आम्रपाली एक्सप्रेस एक घंटे देरी चली। वहीं दिल्ली की ओर जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस सवा घंटे, नेताजी एक्सप्रेस दो घंटे, आम्रपाली एक्सप्रेस ढाई घंटे, मुरी एक्सप्रेस ढाई घंटे देरी से चली।