फ़िरोज़ाबाद। लॉक डाउन में टूंडला को यूपी सरकार ने राजकीय डिग्री कॉलेज का तोहफा दिया है। टूंडला के पूर्व विधायक और वर्तमान में आगरा के सांसद प्रोफेसर एस पी सिंह बघेल ने बताया कि यूपी कैबिनेट में मंत्री रहते हुए उन्होंने टूंडला विधानसभा क्षेत्र में राजकीय डिग्री कॉलेज के लिए प्रस्ताव दिया था। तब से यह शासन में लंबित था। इस संबंध में कई बार डिप्टी सीएम और उच्च शिक्षा मंत्री से बात हुई। बघेल ने बताया है कि गुरूवार को इस संबध में सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है। टूंडला के उसयानी क्षेत्र में राजकीय डिग्री कोलेज बनेगा। सांसद बघेल ने बताया कि सरकार ने इसके लिए एक करोड़ की धन राशि भी मंजूर कर दी है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद किसी सरकार ने टूंडला को राजकीय डिग्री कॉलेज दिया। उन्होंने डिप्टी सीएम डॉ दिनेश शर्मा को लॉक डाउन के बीच यह तोहफा देने पर आभार जताया है।