सिरसागंज। सिरसागंज में शनिवार की रात धातरी के समीप ट्रक चालक की सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा।
घटनाक्रम थाना सिरसागंज क्षेत्र के धातरी के पास हाईवे का है। एका थाना क्षेत्र के ग्राम इटौली निवासी ट्रक चालक वीरपाल कुशवाह (30) इटावा की ओर से अपना ट्रक लेकर आ रहा था। वह धातरी के पास पेट्रोल पंप पर वीरपाल कुशवाह ने अपना ट्रक खड़ा कर दिया था। पंपकर्मी से बात करने के बाद वीरपाल सड़क के दूसरी ओर स्थित होटल पर खाना खाने के लिए सड़क पार करने लगा उसी समय अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया और गम्भीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल वीरपाल को जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वीरपाल की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।