फिरोजाबाद। सरकारी विभागों में स्थानांतरण के आदेश आने का क्रम सोमवार को चलता रहा। वरिष्ठ कोषाधिकारी के साथ ही जल निगम के अधिशाषी अभियंता सहित कई अफसरों का स्थानांतरण हो गया। इधर जिन अफसरों का स्थानांतरण रविवार को हुआ था वह अपनी नई तैनाती वाले स्थान पर जाने की तैयारी करते दिखाई दिए। सोमवार को विभागीय कामकाज निपटाने का क्रम देर रात तक चलता रहा। शासन की ओर से जून माह में तीन वर्ष अथवा इससे अधिक समय वाले अफसरों का स्थानांतरण करने की नीति तैयार की थी। हालांकि कई अफसरों को तीन वर्ष से कम समय होने के बाद भी स्थानांतरण कर दिया है। इसमें पीडी डीआरडीए प्रदीप कुमार पांडेय, जिला विकास अधिकारी महेंद्र प्रताप यादव, डीएसटीओ अनिल कुमार दीक्षित, डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा के साथ कई लिपिकों का स्थानांतरण दूसरे जिलों में कर दिया। विकास विभाग से जुड़े यह अधिकारी सोमवार को जरूरी काम निपटाते दिखाई दिए। हालांकि सिन्हा को पांचवर्ष पूरे हो गए हैं। सोमवार को वरिष्ठ कोषाधिकारी अंबरीश वाजपेयी का कन्नौज के लिए स्थानांतरण कर दिया है। उनके स्थान पर संत कबीरनगर से वैभव कुमार को यहां भेजा गया है। डीआईओएस डा. निशा आस्थाना को ट्रांसफर कर दिया है। जलनिगम (ग्रामीण) के एक्सईएन मोहित चक का स्थानांतरण कर दिया है। हालात यह हैं कि जिन अफसरों का स्थानांतरण हो गया है वह नई तैनाती वाले स्थान पर जाने की तैयारी करते दिखाई दिए।