टूंडला। बीमा पॉलिसी कराने पर 60 लाख रुपये मिलने के लालच में ट्रेन मैनेजर ने लाखों रुपये गंवा दिए। मोबाइल पर आई अज्ञात कॉल पर ठग ने विभिन्न कंपनियों में बीमा पॉलिसी कराते हुए ट्रेन मैनेजर को 18 लाख का चूना लगा दिया। रुपये न मिलने पर पीड़ित ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रेलवे के कंपनीबाग निवासी भूपसिंह रेलवे में ट्रेन मैनेजर पद पर कार्यरत हैं। कोरोना काल में उनके मोबाइल पर बेद प्रकाश अरोरा नाम के एक व्यक्ति का कॉल आया। उसने एसबीआई बैंक में चल रही उनकी बीमा पाॅलिसी का ढाई लाख रुपये का चेक मिलने के बारे में पूछा। जब उन्होंने चेक न मिलने की बात कही तो उसने रुपये लेने को आईसीआईसीआई में एक पाॅलिसी और कराने की बात कहते हुए 60 लाख रुपये दिलाने का लालच दिया।
इसके बाद उसके झांसे में वह फंसते गए और एक के बाद एक करके करीब 18 लाख रुपये कीमत की विभिन्न कंपनियों की पॉलिसी करा लीं। इस बीच उनके पास रुपये न होने पर उन्होंने एसबीआई से 18 लाख का ऋण ले लिया। जब उसने फोन उठाना बंद कर दिया, तब उन्हें अपने साथ हुए धोखे की जानकारी हुई। पीड़ित ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी अनुज राणा का कहना है कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच के उपरांत कार्रवाई की जाएगी।