मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समर्थन में व्यापारियों ने निकाला मार्च
- फोटो : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समर्थन में व्यापारियों ने निकाला मार्च
सिरसागंज (फिरोजाबाद) । दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग के बीच सिरसागंज में व्यापारियों और आम लोगों ने जागरूकता रैली निकालकर उनके एसआईआर (मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान का समर्थन किया है। सोमवार को माथुर वैश्य शाखा सभा, उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश और सराफा साहूकारी एसोसिएशन के पदाधिकारी मेन रोड स्थित दाऊजी मंदिर पर एकत्र हुए और हाथों में पोस्टर लेकर पैदल मार्च करते हुए थाने पहुंचे। एसडीएम की अनुपस्थिति में संगठनों ने थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। समर्थन पत्र में एसआईआर अभियान को देशहित और लोकतंत्र को मजबूत करने वाला कदम बताया गया। व्यापारी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध व इस्तीफे की मांग को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए इसका विरोध किया और ऐसा करने वालों के सामाजिक बहिष्कार की मांग की। माथुर वैश्य शाखा सभा के सचिव अजय कुमार गुप्ता ''बब्बू'' ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने निष्पक्ष चुनाव कराए हैं और हारी हुई पार्टियां हमेशा आयोग पर आरोप लगाती हैं। व्यापारी नेता सुरेंद्र गुप्ता ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हो रहे विरोध की निंदा करते हुए विरोधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।