चोरी की घटना के बाद बिखरा पडा सामान
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। थाना जसराना के गांव नगला नथुआ में बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोर घर में रखा सामान चुरा ले गए। चोरी की घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी ली।
थाना जसराना क्षेत्र के गांव नगला नथुआ निवासी अवधेश कुमार के दो पुत्र विनय एवं विवेक दिल्ली में नौकरी करते हैं। उनका सामान अवधेश के बगल में ही बने मकान में रखा हुआ है। मंगलवार की सुबह अवधेश की पत्नी ममता ने घर के दरवाजे खुले देखे तो चीखना शुरू कर दिया। चीख पुकार मचने पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने घर में चोरी होने की जानकारी थाना पुलिस को दी तो थाना प्रभारी सचिन कुमार मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे और मकान का निरीक्षण किया।
परिजन ने बताया चोर मकान का ताला तोड़कर घर में रखा फ्रिज, सोफा सेट, एलसीडी, एवं सामान से भरा बक्शा चुराकर ले गए। देखने पर बक्शा खेतों में पड़ा मिला। ममता ने बताया जेवर एवं नकदी के बारे में दिल्ली से पुत्रों के आने पर ही पता लगेगा। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने कहा मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।