थाना दक्षिण क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित सूने मकान में चोरों द्वारा रोशनदान काटकर की गई चोरी
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी चूड़ी व्यापारी के घर से चोर मंगलवार रात लाखों की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण ले गए।
आदर्श नगर निवासी अमित गुप्ता पुत्र संतोष कुमार गुप्ता परिवार के साथ भांजे की शादी में शामिल होने के लिए मंगलवार को मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में गए थे। देर रात चोर किसी तरह मकान की छत पर पहुंच गए। छत पर लगे जाल को तोड़कर मकान में घुस गए। यहां से करीब चार लाख रुपये की नकदी और लाखों की कीमत के आभूषण चोरी कर ले गए। रात करीब दो बजे अमित गुप्ता परिवार के साथ घर लौटे तो चोरी होने की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। समीप में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले, लेकिन चोरों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने दक्षिण पुलिस को तहरीर दी है। एसएसआई दक्षिण अजय कुमार चक का कहना है कि पीड़ित ने तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।