टूंडला नगर के एक मोहल्ले में बंद मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। घटना के दौरान परिवार के लोग अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने गए थे। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के मोहल्ला नई बस्ती रचनापुरम है निवासी किशनपाल सिंह बस चालक है। वह अक्सर घर से बाहर ही रहते हैं। बृहस्पतिवार को उनके एक रिश्तेदार के आगरा स्थित एक अस्पताल में भर्ती होने पर उसे देखने पत्नी मिथलेश बेटे गौरव के साथ गई थी। घर पर दो बेटियों को छोड़ गए थे। जो रात को पड़ोस के घर में जाकर सोने चलीं गईं थीं। घर में ताला लगा हुआ था। शुक्रवार सुबह जब आगरा से मां बेटा घर वापस लौटे तो घर का दरवाजा खुला हुआ मिला।
घर के अंदर पहुंचे तो वहा का नजारा देख दंग रह गए। घर के अंदर संदूक आदि खुले पड़े थे। सामान बिखरा पड़ा था। मिथलेश देवी ने बताया कि संदूक में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार कैश गायब था। थाना पुलिस और एसपी सिटी सर्वेश मिश्रा मौके पर पहुंच गए। एसपी सिटी सर्वेश मिश्र का कहना है कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है।