फिरोजाबाद। निगम एरिया में प्रतिदिन कार्बन उगल रहे डीजल चलित जनरेटर और काेयला चलित भट्ठियों पर रोक लगाने को सख्ती होगी। टीटीजेड अथॉरिटी के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नगर निगम व अन्य कार्यदायी संस्थाओं को पत्र जारी किए हैं। अगर यह आदेश अमल में आता है तो स्टेशन रोड, नगला भाऊ, बंबा बाईपास पर आमजन को धुआं, धूल से निजात मिल सकेगी।
टीटीजेड एरिया में डीजल चलित जनरेटर और कोयला चलित भट्ठियों पर रोक लगाने को स्पष्ट निर्देश हैं। इसके बावजूद भी शहर के कई चूड़ी प्लांट, निजी संस्थानों के अलावा कांच इकाइयों में बिजली की आपूर्ति के लिए कई-कई किलोवाट की क्षमता वाले डीजल चलित जनरेटर धड़धड़ा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर शिकायतों का निस्तारण नहीं होने पर अब डीजल चलित जनरेटर व काेयला चलित भट्ठियों की शिकायतें अब टीटीजेड अथॉरिटी तक पहुंचने लगी हैं। टीटीजेड अथॉरिटी की नाराजगी के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा डीजल चलित जनरेटरों एवं होटल ढाबों पर कोयला चलित भट्ठियाें पर अंकुश लगाने के लिए कार्यदायी संस्थाओं व विभागों को पत्र जारी किए हैं।
-
शुक्रवार को खराब रहीं सुहागनगरी में हवा की गुणवत्ता
शुक्रवार को सुहागनगरी की हवा में घुलनशील हानिकारक तत्वों पीएम-2.5 की मात्रा 137 माइक्रो मिलीग्राम और कार्बन की मात्रा लगभग 3.2 माइक्रो मिलीग्राम प्रदर्शित हुई।
-
अत्याधिक धुआं उगलने वाले वाले करीब 250 वाहनों पर हो चुकी कार्रवाई
टीटीजेड अथॉरिटी द्वारा जारी निर्देशों के बाद जिले के एआरटीओ व यातायात पुलिस विभाग द्वारा एक अगस्त से 31 अगस्त तक करीब 270 दोपहिया, चार पहिया एवं लोडिंग वाहनों पर चालान की कार्रवाई की गई है।
-
टीटीजेड एरिया में हवा की गुणवत्ता खराब करने वाले कारकों पर रोक के स्पष्ट निर्देश हैं। इनमें से उच्च विद्युत भार वाले डीजल चलित जनरेटर व कोयला चलित भी शामिल हैं। इन पर रोक लगाने के लिए कार्य योजना बनाई जा रही है।