फिरोजाबाद। जिला प्रशासन ने आंगनबाड़ी केंद्रों में 14 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है। अब तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर अवकाश न होने से बच्चे आ रहे थे, लेकिन अब इन बच्चों को कड़कड़ाती सर्दी में आंगनबाड़ी केंद्र पर नहीं आना पड़ेगा।
परिषदीय स्कूलों में पहले से ही 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश घोषित है। इसके साथ में बीते दिनों जिला प्रशासन ने इंटर कॉलेजों में दो दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। हालांकि हर वर्ष आंगनबाड़ी केंद्र में अवकाश को लेकर संशय की स्थिति रहती थी। शासन से कोई निर्देश न होने पर जहां इंटर कॉलेज तक बंद रहते थे तो आंगनबाड़ी केंद्र संचालित होने से छह वर्ष के बच्चों को सर्दी में ठिठुरते हुए स्कूल जाना पड़ रहा था। जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार ने इस स्थिति को देखते हुए इन बच्चों को अवकाश करके बड़ी राहत दी है।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यकर्ता करेंगी कार्य
आंगनबाड़ी केंद्रों के अवकाश की अवधि में भी केंद्र पहले की तरह खुले रहेंगे। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका द्वारा लाभार्थियों को राशन का वितरण करते हुए सामुदायिक गतिविधियों एवं अन्य शासकीय कार्यों का निष्पादन पूर्ववत किया जाएगा।