टूंडला। थाना नगला सिंघी क्षेत्र में बुधवार रात चोरों ने एक ज्वैलर्स की दुकान में सेंध लगा दी। चोर दुकान के पीछे से नकब लगाकर तिजोरी में रखे लाखों रुपये कीमती आभूषण चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं चोर दुकान व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल करते हुए साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
घटना थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव बजहेरा चौराहे की है। गांव के नीलेश कुमार की चौराहे पर नीलेश ज्वैलर्स के नाम से सोने-चांदी की दुकान है। स्वर्णकार नीलेश प्रतिदिन की तरह बुधवार शाम सात बजे करीब दुकान बंद कर घर गए थे। बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे करीब उन्होंने जब दुकान खोली तो अंदर का नजारा देख उनके होंश उड़ गए। दुकान में रखी तिजोरी खुली पड़ी थी। दुकान के पीछे के हिस्से से रोशनी आ रही थी। चोरों ने दुकान में पीछे से नकब लगाकर प्रवेश किया था।
नीलेश ने बताया कि चोर तिजोरी में रखी एक सोने का कालर, तीन सोने की अंगूठी, तीन लक्ष्मी-गणेश की चांदी की मूर्ति, एक जोड़ी चांदी की चप्पल, पांच जोड़ी चांदी की पायल आदि चोरी कर ले गए हैं। इसके अलावा दुकान में लगी सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर चोरी कर ले गए। सूचना पर थानाध्यक्ष कृपाल सिंह मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। थानाध्यक्ष का कहना है कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।