सिरसागंज (फिरोजाबाद)। थाना सिरसागंज क्षेत्र में तीन दिन पहले एक जनसेवा केंद्र में छत के रास्ते घुसकर चोरों ने लाखों की नकदी चोरी की थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। चोरों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई थीं। शुक्रवार को चार चोरों को गिरफ्तार कर 1.06 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। कठफोरी के पास स्थित नगला विश्नु निवासी मोंटी के जनसेवा केंद्र से 8 अक्तूबर की रात को कुछ चोरों ने छत के रास्ते प्रवेश पाकर गल्ले से 2.32 लाख रुपये चोरी कर ले गए थे। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। एसपी ग्रामीण अखिलेश भदौरिया के निर्देशन में दो पुलिस टीमों का गठन चोरों की गिरफ्तारी के लिए किया गया था।
सीओ सिरसागंज विनीत सिकरवार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चारों चोरों को काफी सुरागकसी के बाद गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी वैभव कुमार सिंह ने बताया कि कठफोरी निवासी अरून, अंबेश, आकाश और अभिषेक को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की गई नकदी में से 1.06 लाख 240 रुपये, तीन मोबाइल बरामद किए हैं।
खुलासे में सीसीटीवी कैमरा बना सहायक
जनसेवा केंद्र से लाखों की चोरी की घटना के खुलासे में दुकान में लगा सीसीटीवी सहायक बना। मोंटी ने सुरक्षा की दृष्टि से दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे। चोरी की पूरी वारदात कैमरों में कैद हो गई थी। पुलिस को चोरों की पहचान करने में काफी मदद मिली। जिससे समय रहते चोरी की खुलासा हो गया।