फिरोजाबाद: जसराना सीएचसी पर आक्रोश जताते सेना भर्ती के लिए कोरोना की जांच कराने आए युवक। संवाद
- फोटो : FIROZABAD
जसराना (फिरोजाबाद)। सेना भर्ती में कोविड की जांच अनिवार्य होने पर मंगलवार को क्षेत्र के युवक सीएचसी पर जांच कराने के लिए पहुंचे। जहां देरी होने पर युवाओं ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवाओं को समझाया। सेना में भर्ती होने के लिए आगरा में रैली चल रही है। जसराना तहसील के युवकों के लिए बृहस्पतिवार को दौड़ का आयोजन किया गया है। दौड़ में शामिल होने से पूर्व युवकों को कोविड की जांच कराकर निगेटिव का प्रमाण पत्र देना आवश्यक है। समय पास आने पर काफी संख्या में युवक जांच कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच रहे हैं। मंगलवार को सीएचसी पर भारी भीड़ उमड़ी। जल्द नंबर न आने पर युवकों ने हंगामा कर दिया। कोतवाल जितेंद्र कुमार द्विवेदी ने बताया डॉक्टर की सूचना पर पुलिस तैनात की गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसराना के अधीक्षक डॉ अनुराग व्यास ने बताया कि दो दिन से युवा काफी संख्या में कोविड की जांच कराने आ रहे हैं। सोमवार को हंगामे के बाद मंगलवार को भी हंगामा करने पर पुलिस बुलानी पड़ी थी। सोमवार को 287 एवं मंगलवार 200 से अधिक लोगों की जांच की गई।