न्यायालयों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया हुई शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जनपद न्यायालय प्रांगण में न्यायालयों को शिफ्ट किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। अलग- अलग क्षेत्रों में न्यायालय होने के कारण अधिवक्ताओं को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था।
बार एसोसिएशन फिरोजाबाद के द्वारा जनपद न्यायाधीश को ग्यारह सूत्री मांगपत्र दिया था। इसमें अधिवक्ताओं से जुड़ी विभिन्न मांगें शामिल थी। यही नहीं अधिवक्ताओं ने चार दिन की कामबंद हड़ताल भी रखी थी। हड़ताल होने के बाद जनपद न्यायाधीश ने बार की मांगों को मानते हुए स्थानीय स्तर की समस्याओं को हल कराने की पहल प्रारंभ कर दी थी। ताकि अधिवक्ताओं को इधर उधर भागदौड़ नहीं करनी पड़े। क्योंकि एक बिल्डिंग एक साइड में तो दूसरा न्यायालय समझौता केंद्र में होने के कारण बुजुर्ग अधिवक्ताओं को सबसे अधिक दिक्कत हो रही थी। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जेपी यादव एडवोेकेट ने बताया कि न्यायालयों को शिफ्ट किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अगस्त माह में इस समस्या का समाधान हो जाएगा। इससे अधिवक्ताओं को काफी राहत मिलेगी। इसके साथ अन्य मांगों के भी निस्तारण किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।