फिरोजाबाद में जेल भेजे गए आकाश की मौत कैसे हुई। आखिर जेल के अंदर उसके साथ क्या हुआ। ये कई सवाल ऐसे हैं, जो परेशान कर रहे हैं। इस बीच एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है...
फिरोजाबाद में बाइक चोरी के मामले में जेल भेजे गए आकाश की 21 जून को हुई मौत के मामले में एक और नया खुलासा हुआ है। बताया गया है कि जेल में उससे नाली साफ करने के लिए कहा गया था। मना करने पर उसे पीटा गया। ये बात आकाश के साथ जेल भेजे गए युवक शिवम उर्फ शिवू उर्फ भोलू ने बताई। जब शिवू का भाई मिलाई करने गया तो उसने पूरी बात बताई। इस बात से पर्दा शिवू की मां ने उठाया। जेल प्रशासन मामले से अपना दामन बचाने का काम कर रहा है।
विज्ञापन
थाना दक्षिण पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में आकाश व उसके दोस्त शिवम उर्फ शिवू उर्फ भोलू को भी जेल भेजा था। जेल भेजने के बाद शिवू का भाई अभिषेक उर्फ कुतल्ली मिलाई करने के लिए गया था। जहां शिवू ने दोस्त के साथ किए जा रहे उत्पीड़न की बात बताई थी।
अभिषेक ने पूरी बात अपनी मां सुनीता देवी को बताई। सीओ सिटी हिमांशु गौरव द्वारा की गई पूछताछ में सुनीता देवी ने बताया कि आकाश और शिवम को अलग-अलग बैरक में रखा गया था। जिस बैरक में आकाश था। वहां उसका उत्पीड़न किया जा रहा था।
वह अपने दोस्त शिवम से कह रहा था कि उसे अपने साथ की बैरक में करा ले। उसकी बैरक में उसकी पिटाई की जाती है। नाली साफ कराई जाती है। न करने पर उसे बेरहमी से पीटा जाता है। 21 जून को अभिषेक जब अपने भाई शिवम से मिला तो उसने आकाश के साथ हुए उत्पीड़न की कहानी बताई।
अभिषेक ने पूरी जानकारी जब अपनी मां को बताई तो वह सच्चाई कहने से खुद के रोक नहीं पाईं। सुनीता देवी का कहना था कि जेल के अंदर बैरक में ही उसकी पिटाई की गई थी। आकाश इतना डर गया था कि दिन में शिवम से रोते हुए कहता था कि वह उसका साथ न छोड़े। उसके साथ बहुत बुरा सलूक किया जा रहा है।