फिरोजाबाद । आवास विकास कॉलोनी में योगा के लिए बनाया गया मंच राजनीति का अखाड़ा बन गया। पालिका ने मंगलवार को पार्क में बना मंच जेसीबी मशीन से तुड़वा दिया। शाम को इलाकाई लोग धरने पर बैठ गए। पालिका के खिलाफ विरोध को देखते चेयरमैन प्रतिनिधि ने पालिका में पहुंचे बड़ी संख्या में लोगों को बनवाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
20 अक्तूबर से न्यू गार्डेनिया स्कूल के सामने स्थित पार्क को योगाचार्य डॉ. पीएस राना ने पार्क की सफाई कराकर उसमें योग शिविर लगाना प्रारंभ कर दिया। योग सिखाने के लिए पार्क में एक मंच बनाया गया। इससे कुछ लोगों को एतराज हुआ। लोगों ने पार्क में आयोजित योग शिविर को लेकर राजनीति शुरू कर दी। मंच को लेकर कुछ लोग पालिका पहुंचे और अधिशाषी अधिकारी से मंच तुड़वाने के लिए दबाव बनाने लगे। इसके बाद अधिशाषी अधिकारी ने मंच को तोड़ने के लिए जेसीबी भेज दी।
जेसीबी ने मंच को तोड़ दिया। मंच तोड़ने के बाद स्थानीय लोगों और योग में भाग लेने वाले महिला-पुरुष एकत्रित होकर पालिका पहुंचे और धरने पर बैठ गये। पालिका में धरने की जानकारी होने पर चेयरमैन प्रतिनिधि राजीव गुप्ता पालिका पहुंचे और आक्रोशित जनता से वार्ता की। लोगों की बातों को सुनने के बाद चेयरमैन प्रतिनिधि ने पार्क में अस्थाई रूप से मंच बनवाने की परमीशन दे दी।
धरना देने वालों में डॉ. पीएस राना, जयवीर सिंह तोमर, गिरंद सिंह, सुनहरीलाल, बिजेंद्र सिंह वर्मा, सुनहरीलाल, अजय यादव, राजकुमारी राजपूत, सविता राजपूत, सुमन राजपूत, अभय यादव, ब्रजमोहन यादव, अमला राजपूत, सुभाष चंद्र गुप्ता, नसीमा बेगम और प्रियांशू सहित लगभग कई महिला-पुरुष मौजूद रहे।
-
वर्जन
पार्क में योगा के लिए जो स्थाई मंच अवैध रूप से बनाया गया था। नगर पालिका द्वारा कोई परमीशन नहीं थी। सरकारी भूमि पर सिर्फ सरकार के आदेशों के बाद ही निर्माण कार्य संभव है। मंच को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया है। अगर भविष्य में घटना की पुनरावृति होती है तो कार्रवाई की जाएगी।
सुरेंद्र प्रताप सिंह अधिशाषी अधिकारी शिकोहाबाद