सिरसागंज। थाना सिरसागंज क्षेत्र में बुधवार रात ट्रैक्टर से कुचलकर एसडीएम सुरक्षा में तैनात होमगार्ड की हत्या कर दी गई थी। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया था। पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई न करने पर परिजन ने बृहस्पतिवार को गुंजन चौक पर शव रखकर दिल्ली-आगरा हाईवे को दोनों साइड से जाम कर दिया। करीब ढाई घंटे बाद कार्रवाई और मदद के आश्वासन पर परिजन मानें, तब जाम खुल सका। नगला खुशहाली निवासी सर्वेश कुमार (38) एसडीएम सुरक्षा में होमगार्ड के पद पर तैनात थे। मृतक के पिता कमल किशोर ने बताया कि बेटे सर्वेश ने 17 जुलाई को अपना खेत जुतवाने के लिए गांव के ही आकाश से बात की थी। लेकिन वह खेत जोतने नहीं आया। इस पर उसे खोजने के लिए सर्वेश गांव के अन्य खेतों की तरफ गया तो उसने देखा कि आकाश शाम करीब 7:30 बजे गांव के ही सूरजपाल का खेत जोत रहा था। इस पर मृतक सर्वेश ने ऐतराज किया इतने पर उस खेत में मौजूद आकाश के साथी रणवीर उर्फ बंटी, अजय उर्फ मनोज, शिवम ने सर्वेश को जमकर पीटने के बाद कई बार उसे ट्रैक्टर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार को परिजन को सौंप दिए, लेकिन जब यह बात चली कि पुलिस सड़क हादसे में मामला दर्ज कर मामूली कार्रवाई कर रही है। इसी बात से नाराज परिजन ने बृहस्पतिवार को शव गुंजन चौराहे पर रखकर नेशनल हाईवे को दोनों साइड से जाम कर दिया। मामले की जानकारी पर एसडीएम सतेंद्र सिंह, सीओ अरुण कुमार चौरसिया व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने परिजन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सीओ, एसडीएम, जिला होमगार्ड कमांडेंट विनोद कुमार के समझाने के बाद परिजन ने जाम खोल दिया। करीब ढाई घंटे बाद हाईवे पर वाहनों का आवागमन शुरू हो सका।
-
चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
नगला खुशहाली में होमगार्ड की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करने के बाद परिजन ने हाईवे को जाम कर दिया था। इसके बाद अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। पिता की तहरीर पर आकाश, रणवीर उर्फ बंटी, अजय कुमार, शिवम के खिलाफ हत्या व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।
-
परिजन को मिलेगी सरकारी मदद
जिला होमगार्ड कमांडेंट विनोद कुंमार ने परिजन को लिखित आश्वासन दिया कि सर्वेस के फंड से मिलने वाली सहायता राशि जल्द से जल्द परिवार को दिलाई जाएगी और वही एसडीएम सतेंद्र कुमार ने परिजन को अश्वासन दिया कि जांच के साथ उपलब्ध होने पर मृतक के परिवार को पट्टा भूमि प्रदान की जाएगी तो सीओ अरुण कुमार चौरसिया ने परिजन से कहा कि 24 घंटे के अंदर पुलिस की टीमों को गठित कर आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तार के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
-अरूण कुमार चौरसिया, सीओ सिरसागंज