टूंडला में गर्मी बढते ही घढ़ों की खरीदारी करते लोग
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। अप्रैल माह समाप्त होने को है तो वहीं सूर्य देवता ने अपने तेवर कड़े कर दिए हैं। भीषण गर्मी के चलते लोगों के कंठ सूखने लगे हैं। ऐसे में बिना रेफ्रीजरेटर के काम नहीं चल रहा। घरों पर पुराने एसी, फ्रिजों, कूलरों की रिपेयरिंग नहीं हो पा रही है। वहीं लॉकडाउन के कारण इलेक्ट्रोनिक्स की सभी दुकानें बंद होने पर नए की खरदीरी नहीं हो रही। एसे में लोग कुम्हारों के यहां पहुंचकर घड़ों की खरीदारी कर रहे है। गर्मी बढ़ने के साथ ही ठंडी हवा और ठंडे पानी की आवश्यकता पड़ने लगी है। जिन घरों में कूलर, फ्रिज, एसी आदि हैं, वे बिना रिपेयर के सही से काम नहीं कर रहे हैं। ऐसी, फ्रिज में गैस नहीं है तो घरों में लगे कूलर अभी घास आदि के न मिलने के कारण शोपीस बने रखे हैं। मिस्त्री के अभाव में लोग गर्मी में परेशान हैं। ऐसे में सभी को लॉकडाउन खुलने और दुकानों के खुलने का इंतजार बना हुआ है। ऐसे में घड़ों की बिक्री होना शुरू हो गई है। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे-वैसे घड़ों और सुराही की बिक्री तेजी से होने लगी है। इस समय टोंटी लगी घड़ों की कीमत सौ रुपए है।वहीं सादा घड़े 50 से 80 रुपए में मिल रहे हैं। कुम्हार रामजीलाल ने बताया कि वह इस समय टोंटी लगा घड़ा सौ रुपए का व बिना टोंटी लगा घड़ा 80 रुपए का बेच रहे हैं। जबकि पूर्व में टोंटी लगा घड़ा 150 रुपए तक बिकता था। इस समय घड़े व सुराई के अलावा बाकी कोई आयटम नहीं बिक पा रहा है।