स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताए बीमारी से बचाव के उपाय
जसराना। लोक राष्ट्रीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठवें दिन स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्र एवं डॉ. वंदना यादव द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ. सनील कुमार ने की एवं संचालन डॉ. हरविलास ने किया। चिकित्सा अधिकारी ने स्वयंसेवकों को स्वस्थ रहने तथा विभिन्न बीमारियों के निदान से संबंधित विभिन्न उपायों के बारे में बताया। जसराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सरकार द्वारा प्रदत्त की जा रही विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए भी स्वयंसेवकों को जागरूक किया गया। उन्होंने छात्रों को निशुल्क स्वास्थ्य जांच के लिए भी प्रेरित किया एवं छात्रों को एंटीबायोटिक के अनियंत्रित उपयोग के नुकसान के बारे में भी बताया। डॉ. वंदना यादव द्वारा छात्राओं को एनीमिया के उपचार एवं मासिक धर्म से संबंधित स्वच्छता के बारे में शिक्षित किया गया। संवाद