फिरोजाबाद। शुक्रवार सुबह जलेसर रोड स्थित वाटिका रिसोर्ट के पास नाले में पड़े मिले युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजन ने युवक की पहचान लाइनपार थाना क्षेत्र के मोहल्ला छारबाग निवासी नरेंद्र उर्फ नंदू के रुप में कर ली। मृतक के भाई ने उसके साथी पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है।
मृतक नरेंद्र उर्फ नंदू के भाई हरीश का कहना है कि उसका भाई रसूलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सर्कुलर रोड स्थित एक ट्रांसपोर्ट पर पल्लेदारी का काम ठेकेदार के साथ करता था। शुक्रवार को वह ठेकेदार से पैसा लेने के लिए उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला सत्यनगर टापा कलां गया था। यहां ठेकेदार से विवाद हो गया। ठेकेदार ने उसकी पिटाई कर दी। इससे उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष उत्तर नरेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि युवक पल्लेदारी करता था। वह शराब का लती था।
बृहस्पतिवार को उसने अधिक शराब पी थी। उसके साथियों ने परिजन को फोन भी किया था कि नरेंद्र ने अधिक शराब पी है। इसे ले जाओ, लेकिन परिजन उसको लेने नहीं पहुंचे। जलेसर रोड वाटिका रिसोर्ट के समीप उसकी नाले में गिर गया। जिसे उपचार को सरकारी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया था। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। जांच में जो भी निकलेगा उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।