फिरोजाबाद। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के क्रियान्वयन में जिले ने प्रदेश स्तर पर पांचवीं रैंक हासिल की है। पात्र श्रमिकों के पंजीकरण और आंशिक अंशदान जमा कराने के मामले में यह रैंक प्राप्त हुई है। सहायक श्रमायुक्त यशवंत कुमार के अनुसार, हालिया अभियान में पात्रता श्रेणी वाले 47 नए श्रमिकों का तत्काल चयन किया गया और उनके आंशिक अंशदान जमा कराने की प्रक्रिया भी पूर्ण करा ली गई है। इसी त्वरित कार्रवाई और सुव्यवस्थित डेटा प्रबंधन के चलते फिरोजाबाद ने रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। योजना के तहत पंजीकरण के लिए पोर्टल अभी भी खुला है। जो भी पात्र श्रमिक अभी तक छूट गए हैं, वे अपना पंजीकरण कराकर भविष्य की पेंशन पा सकते हैं।