फिरोजाबाद। पर्यावरण संबंधी मानकों की अनदेखी एवं सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदार सोमवार को नगर निगम के निशाने पर रहे। नगर निगम की प्रवर्तन दल की टीम ने भठ्ठी में कोयला जलाने पर दुकानदार से पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला। सड़क पर अतिक्रमण करने वाले कई दुकानदारों का सामान भी जब्त किया।
शिकायत मिलने पर सोमवार को नगर निगम के प्रवर्तन दल ने थाना रसूलपुर क्षेत्रांर्गत हाजीपुरा में कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार हाजी मुन्ना स्वीट के यहां पर कई किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन मिली। दुकानदार पर मौके पर ही एक हजार का जुर्माना लगा कर वसूल किया गया। एक अन्य दुकानदार के यहां पर भठ्ठी में कोयला जलता मिला।
दुकानदार पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। प्रवर्तन दल ने फुटपाथ पर किए अतिक्रमण हटवाए। कई दुकानों के बाहर सड़क पर रखे लकड़ी व लोहे के तख्त और बैंच आदि जब्त कर लिए। कार्रवाई जेडएसओ संदीप भार्गव एवं स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अरविंद भारती के निर्देशन में हुई।