शिकोहाबाद। संयुक्त चिकित्सालय में 31 जुलाई की रात ड्यूटी के दौरान डॉ. अनुरागकांत वर्मा द्वारा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरसी केशव और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शिव कुमार कर्दम के साथ अभद्रता और अपशब्द कहने के मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। सीएमएस डॉ. रमेशचंद्र केशव ने आरोपी चिकित्सक की पूर्व की घटनाओं को शामिल करते हुए 10 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट शासन, स्वास्थ्य निदेशालय, संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक (आगरा) और जिलाधिकारी (फिरोजाबाद) को भेज दी है। फिलहाल आरोपी चिकित्सक को इमरजेंसी ड्यूटी से हटाकर ओपीडी में तैनात कर दिया गया है। घटना की रात ही पुलिस बुलवाकर डॉक्टर का मेडिकल व ब्लड सैंपल फॉरेंसिक जांच के लिए भिजवाया गया था, और अब अधिकारियों को फॉरेंसिक रिपोर्ट आने का इंतजार है जिसके बाद आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।संवाद