फिरोजाबाद। सिरसागंज के सोथरा चौराहा के पास जिस युवक का शव मिला था, वह शव इटावा के जसवंतनगर क्षेत्र के रहने वाले मुगीशउद्दीन का था। पुलिस की सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजन ने मृतक की पहचान की। उन्होंने हत्या का आरोप सिरसागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती पर लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
मृतक मुगीशउद्दीन के भाई चचेरे भाई इफ्तखार ने बताया कि मुगीश रेडीमेट कपड़े की दुकान जसवंत नगर सदर बाजार में है। वह सराय खाम जसवंतनगर का रहने वाला था वर्तमान में सभासद है। मुगीश के प्रेम संबंध सिरसागंज क्षेत्र की रहने वाली 25 वर्षीय युवती से थे। मुगीश उससे मिलता था। बीच में मुगीश ने युवती से बात करना बंद कर दिया था। तब युवती उसके घर जसवंत नगर भी पहुंची थी। मुगीश मंगलवार सुबह करीब 11 बजे स्कूटी लेकर घर से निकला था। देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचा। मुगीश की पुत्री हुरिया और रिया के साथ पत्नी शबाना ने उसके फोन पर संपर्क भी किया। फोन युवती द्वारा रिसीव किया जाता रहा।
युवती ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बुधवार शाम जसवंतनगर पुलिस ने मुगीश की मौत की खबर दी। वह सिरसागंज आए यहां से पूरे मामले की जानकारी की। मुगीश ने युवती के नाम प्लाट और मकान भी खरीदकर दिया था। उस पर करीब ढाई लाख रुपये की नकदी भी थी, जिसका कोई पता नहीं है। पीड़ित परिजन ने युवती पर मुगीश की हत्या कराने का आरोप है। थानाध्यक्ष सिरसागंज उदयवीर सिंह मलिक का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। युवक की मौत सड़क हादसे में हुई है।