फिरोजाबाद। सत्र 2022-23 के समापन के बाद यूपी बोर्ड ने सत्र 2023-24 की शुरुआत में ही नया कदम उठाया है। इसके तहत 12 जून से बोर्ड स्कूलों में शिविर लगाकर अंकपत्रों में हुई त्रुटियों का निस्तारण करेेगा। यानि इस बार अंकपत्रों में परीक्षार्थी का नाम, माता-पिता का नाम आदि गलत हो जाने पर विद्यार्थियों को बोर्ड कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विद्यार्थी स्कूलों में लगने वाले शिविर में ही अपने अंकपत्र में गलती बताकर उसे ठीक करा सकते हैं।
बोर्ड की ओर से हाल ही में 2022-23 की बोर्ड परीक्षा की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट के अंकपत्र जारी कर दिए गए हैं। स्कूलों में अंकपत्र मिलने की प्रक्रिया पिछले सप्ताह से शुरू हो चुकी है। स्कूलों में जैसे-जैसे अंकपत्र वितरित हो रहे हैं, वैसे-वैसे त्रुटियों को लेकर छात्रों की शिकायतें भी आ रही हैं। इन त्रुटियों के निस्तारण के लिए विद्यार्थियों को कार्यालय का चक्कर न काटना पड़े इसलिए यह शिविर लगाए जाएंगे।
शिविर में स्कूल के प्रधानाचार्य, अन्य शिक्षक और बोर्ड कार्यालय के सदस्य मौजूद रहकर छात्रों की समस्या सुनेंगे। डीआईओएस और बीएसए को भी शिविर के उचित संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। प्रधानाचार्य स्कूल की ओर से आवश्यक कार्रवाई को पूरा करेंगे। डीआईओएस निशा अस्थाना ने बताया, अंकपत्र में मूल सुधार की प्रक्रिया बोर्ड के सदस्यों के द्वारा ही पूरी की जाएगी। स्कूल प्रबंधन और अन्य अधिकारियों को इसमें सहयोग करना होगा। 12 जून से 30 जून के बीच बोर्ड की ओर से यह शिविर लगाए जाएंगे। शिविर में छात्र-छात्राएं स्वयं आकर अपने अंकपत्र की त्रुटि के बारे में बता सकते हैं।