फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र में दबंगों ने मिलकर मंदिर महंत के भाई और मां की बेरहमी से पिटाई की। मामले की जानकारी पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है। आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मूल निवासी रामनगर और हाल निवासी महादेव मंदिर गढ़ी तिवारी पंकज शर्मा टीले वाले हनुमान मंदिर के महंत हैं। वह रविवार को बांके बिहारी दर्शनों को गए थे। मंदिर में पूजा-पाठ की जिम्मेदारी छोटे भाई संदीप और मां शामली को दे गए थे। रविवार को दोपहर आसपास के दबंगों ने इनके पूजा करने का विरोध करते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर चार युवकों ने मिलकर मां-बेटे की बेरहमी से पिटाई कर दी। मामले की सूचना पर थाना पुलिस मय बल के पहुंच गई। आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी पारूल मिश्रा ने बताया कि घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है। अभी तहरीर प्राप्त की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।