फिरोजाबाद। ऑनलाइन हाजिरी के आदेश विरोध में सभी शिक्षक संगठन एकजुट हो गए हैं। आंदोलन को धार देने के लिए शिक्षकों के साथ अनुदेशक और शिक्षामित्र भी साथ आ गए हैं। शनिवार को आंदोलन को धार देने के लिए शिक्षक संगठनों ने रणनीति बनाई। ऑनलाइन हाजिरी के विरोध में जिले में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, कर्मचारी संयुक्त मोर्चा का गठन किया गया। इसमें संयुक्त रूप से मिलकर आंदोलन की रणनीति भी तैयार की गई। बैठक में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ, यूनाइटेड शिक्षक संघ, बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन, अटेवा, आरक्षित शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश शिक्षा मित्र संघ, अनुदेशक कल्याण संघ, आश्रित कर्मचारी एसोसिएशन आदि संघों के पदाधिकारियों शामिल हुए। इसमें आंदोलन को तेज करने की रणनीति बनाई गई। ऑनलाइन हाजिरी का विरोध जारी रखने का फैसला लेते हुए संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती हैं तथा तानाशाही आदेश निरस्त नहीं हो जाता है, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
बैठक में अबोध चतुर्वेदी, आनंद श्रोत्रिय, प्रमोद कुमार, वीरभान सिंह, आदेश यादव, रीमा यादव, डॉ. वंदना तोमर, नीलम यादव, मुकेश राजपूत, यतेंद्र यादव, कमल यादव, रामानंद तैनगुरिया, धर्मेंद्र कृष्ण, सहदेव सिंह चौहान आदि शामिल रहे।
वहीं जसराना एवं खैरगढ़ में किसी ने नहीं लगाई हाजिरी शनिवार को पोर्टल से मिले विवरण पर भरोसा करें तो शनिवार को मात्र 24 शिक्षकों ने हाजिरी लगाई। इसमें भी जसराना एवं खैरगढ़ ब्लॉक में किसी भी शिक्षक ने हाजिरी नहीं लगाई। सुबह एवं शाम की हाजिरी का ब्योरा यहां पर शून्य रहा। -
टूंडला सहित चार ब्लॉक अव्वल
ऑनलाइन हाजिरी लगाने में टूंडला सहित चार ब्लॉक अव्वल हैं। टूंडला, नारखी, एका एवं अरांव में चार-चार शिक्षकों ने सुबह हाजिरी लगाई तो शाम को हाजिरी लगाने वालों की संख्या टूंडला को छोड़ अन्य ब्लॉकों में चार-चार ही रही। वहीं टूंडला में 10 शिक्षकों ने शाम की हाजिरी लगाई।
-
29 को जाएंगे लखनऊ
बैठक में संयुक्त मोर्चा ने रणनीति बनाई है कि सोमवार को बीएसए दफ्तर में पहुंच कर प्रदर्शन करेंगे। ऑनलाइन हाजिरी के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन बीएसए को सौंपेंगे। इसके बाद भी मांगे पूरी नहीं होती हैं तो 29 को लखनऊ में महानिदेशक कार्यालय का घेराव किया जाएगा।