फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के तत्वावधान में शिक्षकों ने डीआईओएस कार्यालय दफ्तर के बाहर धरना प्रदर्शन किया। शिक्षकों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा।
जिलाध्यक्ष डॉ. वीएन सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी अशासकीय विद्यालयों का राजकीयकरण करने से शिक्षकों की अधिकांश समस्याओं का समाधान हो जाएगा। शिक्षकों को समय से वेतन, बोनस एवं एरियर का भुगतान हो सकेगा। नई शिक्षा अधिनियम में धारा 12, 18 एवं 21 को खत्म करने से शिक्षकों के समक्ष नई समस्या खड़ी हो रही है। प्रबंधकों द्वारा बगैर कारण निलंबन कर शिक्षकों का शोषण किया जा रहा है।
जिला मंत्री संजय सिंह ने कहा कि शिक्षकों को पुरानी पेंशन सरकार लागू करे। एनपीएस एवं यूपीएस शिक्षकों को मंजूर नहीं है। पुरानी पेंशन के लिए अटेवा के साथ मिलकर संघर्ष करेंगे। सिटीजन चार्टर लागू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे विभागीय जवाबदेही सुनिश्चित होगी। साहब राम वर्मा, डीपीएस राठौर, ओमप्रकाश ओझा, संजय समर्थ, प्रेम प्रकाश कुशवाहा, मुलायम सिंह यादव एवं मनोज दिवाकर ने भी शिक्षकों की समस्याएं उठाईं। संचालन संजय सिंह ने किया। धरना प्रदर्शन में प्रधानाचार्य परिषद अध्यक्ष बृजेश यादव, अमित विद्यार्थी, धर्मेंद्र कृष्णज, शैलेंद्र सिंह, सवितावती, रेखा सिंह चौहान, रवि प्रकाश, देव प्रकाश यादव आदि उपस्थित रहे।