टूंडला। फिरोजाबाद हाईवे पर अनियंत्रित टैंकर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल को उपचार के लिए आगरा भेजा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेते हुए चालक को गिरफ्तार किया है।
शहर के मोहल्ला शिवपुरी काॅलोनी जितेंद्र शर्मा (32) मीडियाकर्मी थे। मंगलवार रात्रि 8 बजे वह फिरोजाबाद जाने के लिए घर से बाइक द्वारा निकले थे। वह हाईवे पर गढ़ी जाफर के सामने पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से जा रहे टैंकर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए फिरोजाबाद सरकारी ट्रॉमा सेंटर भेजा। उसकी हालत नाजुक होने पर परिजन उसे आगरा प्राइवेट अस्पताल ले गए।
अस्पताल में उपचार के दौरान रात 10:30 बजे के करीब उनकी मौत हो गई। इधर, पुलिस ने मौके से भागे टैंकर को कब्जे में लेते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक जितेंद्र दो भाइयों में सबसे बड़ा था। मीडियाकर्मी अपने पीछे पत्नी व दो छोटे-छोटे बच्चों को बिलखते छोड़ा है। थाना प्रभारी अनुज राणा का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। हादसा करने वाले टैंकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।