फिरोजाबाद। जिला व ब्लाक स्तरीय अधिकारियों के निजी आवास पर ड्यूटी कर रहे सफाई कर्मचारियों को गांव में तैनाती की जाएगी। पंचायती राज निदेशक द्वारा इस बाबत निर्देश जारी किए गए हैं। कोरोना-19 पर अंकुश लगाने में स्वच्छता अहम है। इसी के मद्देनजर शासन-प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था पर खास जोर दे रहा है। प्रदेश पंचायती राज निदेशक किंजल सिंह ने गत दिवस इस संबंध में कड़े निर्देश जारी किए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी को जारी पत्र में निदेशक पंचायती राज ने अधिकारियों के निजी सेवा अथवा आवास तैनात ग्रामीण सफाई कर्मियों को तत्काल कार्य मुक्त कर गांव पंचायतों में तैनाती देने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिहाज से डीपीआरओ को कर्मचारियों के जॉब चार्ट भी शासन को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि लगभग 30 ग्रामीण सफाई कर्मचारी विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारियों की निजी सेवा में हैं।