फिरोजाबाद। माध्यमिक स्कूलों में इस बार समर कैंप से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ ही कॅरियर की नई राह दिखाने की तैयारी हो रही है। कान्वेंट की तर्ज विद्यार्थियों को तकनीकी पढ़ाई के साथ-साथ मनोरंजन का अवसर भी मिलेगा। गर्मी की छुट्टियों में समर कैंप स्कूलों में ही तय किए गए हैं, जो एक सप्ताह का होगा। इसके लिए ‘नए सत्र में नया सवेरा’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।जिले में 59 एडेड एवं 22 राजकीय हाईस्कूल व शेष वित्तविहीन स्कूलों में इसमें प्रतिभाग कराया जाएगा। इन विद्यालयों में बच्चों की रुचि के अनुसार गीत, नृत्य, सिलाई, कढ़ाई, लेखन, चित्रकला, रंगोली, नाटक आदि का प्रशिक्षण तो मिलेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के टिप्स भी विशेषज्ञ देंगे। इस दौरान ही कॅरियर क्लब, पर्यावरण मित्र, सड़क सुरक्षा क्लब का गठन भी होगा। जिससे गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूलों में विद्यार्थियों का समग्र विकास हो सके।
-
शिक्षकों की तय की गई है जिम्मेदारी
-समर कैंप में नया सवेरा कार्यक्रम से विद्यार्थियों को जोड़ने की तैयारी पूरी होगी। इसके साथ ही कंप्यूटर शिक्षा से भी जोड़ा जाएगा। हर विद्यार्थी की ईमेल होगी। इसके प्रयोग और सतर्कता को लेकर जानकारी दी जाएगी। सुबह प्रार्थना के बाद विद्यार्थियों को प्रेरणात्मक जानकारी दी जाती है। इसके लिए हर विषय के सीनियर शिक्षकों को नियमित जिम्मेदारी दी गई है। विद्यालय के सीनियर व सफल विद्यार्थियों को भी स्कूल आने का निमंत्रण दिया गया है। कभी कभी इनका आना होता है।
-
विद्यालयों की भी होगी अपनी वेबसाइट
यूपी बोर्ड से मान्यता लेने वाले स्कूलों को अपनी वेबसाइट बनानी है। इसका निर्देश हर स्कूल को दिया गया है। स्कूल में शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी सुबह की प्रार्थना सभा में पहुंचकर विद्यार्थियों को ज्ञानवर्धक जानकारी देंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक निशा अस्थाना ने बताया कि किसी सफल व्यक्ति का प्रभाव सब से अधिक विद्यार्थियों पर पड़ता है, उनकी बातें विद्यार्थी ध्यान से सुनते हैं। सभा में कॅरिअर, नियमित दिनचर्या, अनुशासन व प्रासंगिक विषयों पर प्रेरक संवाद होंगे।
-