फिरोजाबाद। यूपीसीडा आस्थान में विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाएगा। ककरऊ कोठी से जिला कारागार तक लगीं स्ट्रीट लाइटों की जांच होगी। जिला उद्योग बंधु की बृहस्पतिवार को हुई बैठक में जिलाधिकारी ने इस आशय के निर्देश जारी किए। डीएम ने औद्योगिक क्षेत्र मक्खनपुर, सेंट जोंस कॉलेज से मीरा चौराहा तक मार्ग की दशा सुधारने के लिए भी निर्देश दिए हैं।डीएम रमेश रंजन की अध्यक्षता में बैठक के दौरान यूपीसीडा आस्थान में नाली, सड़क और खडंजा निर्माण की धीमी गति की शिकायत की गई। डीएम ने कार्यदायी संस्था को अवस्थापना से जुड़े कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिये। डीएम ने ककरऊ कोठी से जिला कारागार तक लगीं स्ट्रीट लाइटों की जांच के बाद रिपोर्ट मांगी है। डीएम ने सेंट जोंस चौराहे से मीरा चौराहा, मक्खनपुर औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों की दशा सुधार के लिए संबंधित विभागों को कार्ययोजना बना कर निदान के लिए कहा। बैठक में डीएम ने औद्योगिक क्षेत्र नगला भाऊ और राजा का ताल में वायु प्रदूषण की जांच व अध्ययन के लिए आवश्यक निर्देश पीसीबी अफसरों को दिए। बैठक सीडीओ शत्रुधन वैश्य,नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद, उपायुक्त उद्योग संध्या यादव, उद्यमी मुकेश बंसल टोनी, राजकुमार शर्मा, सिंगराज यादव आदि मौजूद रहे।