तिलक नगर में 100 से अधिक घरों में बदबूदार पानी की सप्लाई
अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी समस्या का निदान नहीं, लोगों में गुस्सा, बीमारी फैलने का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। वार्ड संख्या-26 से जुड़े तिलकनगर में दूषित पानी की सप्लाई संबंधी शिकायत की जांच को खुद महाप्रबंधक जलकल और अन्य अधिकारी सोमवार को मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने क्षेत्रीय लोगों को समस्या निदान का भरोसा दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी शाम को भी 100 से अधिक परिवारों में दूषित व बदबूदार पानी पहुंचा। इससे क्षेत्र के लोग निराश हो गए। क्षेेत्रीय लोगों का कहना है कि अधिकारी दो माह से समस्या निदान की जगह कोरा दिखावा कर रहे हैं।
लंबे समय से दूषित पानी की सप्लाई के कारण परेशानी का सामना कर रहे तिलक नगर पीपल वाली गली और पुराने तिलक नगर में 100 से अधिक परिवारों की परेशानी कम नहीं हो रही है। आए दिन गंदे व दूषित पेयजल सप्लाई के चलते क्षेत्र में संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। पिछले दो दिनों से अमर उजाला ने दूषित पानी की सप्लाई की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद जलकल विभाग के महाप्रबंधक रामबाबू राजपूत, एक्सईन तारकेश्वर पांडेय और एई आदि अधिकारी दलबल के साथ मौके पहुंचे। काफी देर तक क्षेत्र में भ्रमण के बाद भी अधिकारियों और जलकल विभाग की तकनीशियनों को दूषित पानी सप्लाई के कारणों का पता नहीं चल पाया। हालांकि अधिकारी क्षेत्र के लोगों सोमवार की शाम को स्वच्छ पेयजल सप्लाई मिलने का आश्वासन देकर गए। शाम को पांच बजे क्षेत्र के करीब 100 से अधिक घरों में दोबारा गंदा और बदबूदार पानी आने से लोग परेशान हो गए। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि निगम के अधिकारी पाइप लाइन में लीकेज ठीक करने के बाद सड़क को दुरूस्त कराना भूल जाते हैं। यही कारण है कि गंदे पानी की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। समस्या समाधान नहीं होने की स्थिति में क्षेत्र के लोग निकाय चुनाव में प्रत्याशी का विरोध करेंगे।
पीपल वाली गली तिलकनगर में गंदे पानी की सप्लाई के कारणों का पता करा रहे हैं। क्षेत्र का दौरा किया है। जल्द ही समस्या का निदान कराया जाएगा।
रामबाबू राजपूत, महाप्रबंधक जलकल