फिरोजाबाद। पिता की मौत के बाद जब नन्हीं बिटिया का जन्मदिन आया तो पूरा परिवार दुखी था। कोई भी जन्मदिन की खुशी मनाने को तैयार नहीं था। जब इस बात की जानकारी एसएसपी सौरभ दीक्षित को हुई तो वे खुद अभिभावक की भांति पूरे काफिले के साथ पीड़ित के घर पहुंच गए। उन्होंने नन्हीं से बिटिया के जन्मदिन का केक कटवाकर परिवार के बीच खुशियों की मिठास घोल दी। दक्षिण क्षेत्र के नगला पचिया निवासी आकाश की 21 जून को जेल में मौत हो गई थी। जिसके बाद काफी हंगामा हुआ था। जिले के आलाधिकारियों ने स्वयं मौके पर आकर कमान संभाली थी। समय बीतता गया। 7 अगस्त को आकाश की तीन वर्षीय बेटी प्रिया का जन्मदिन था। पूरा परिवार जवान पुत्र की मौत के शोक में डूबा हुआ था। कोई भी इस दिन को हंसी-खुशी मनाने को तैयार नहीं था। सभी बस आकाश को याद कर रहे थे कि अगर आकाश होता तो बेटी के जन्मदिन को हर्षोल्लास के साथ मनाता। जब इस बात की जानकारी एसएसपी सौरभ दीक्षित को हुई तो वे स्वयं ही आकाश के घर पहुंच गए।
उन्होंने सभी को समझाकर बच्ची के जन्मदिन को खुशी से मनाने की बात कही। इसके बाद केक मंगाकर अभिभावक की भांति बच्ची का केक कटवाकर उसे उपहार भी दिए। बच्ची की खुशी देखकर एक बार फिर पूरा परिवार मुस्कुराने लगे थे। सभी ने एसएसपी के कार्य की सराहना की। इस दौरान सीओ सिटी हिमांशु गौरव भी मौजूद रहे।