सिरसागंज/फिरोजाबाद। तहसील सिरसागंज में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सोमवार को पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। आमजन की समस्याओं को सुना और उनका निस्तारण कराया। वहीं अपर आयुक्त आगरा मंडल आगरा राजेश कुमार की अध्यक्षता में सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें 61 शिकायतें प्राप्त हुईं। आठ का मौके पर निस्तारण कराया गया। थाना प्रभारी मटसेना सब रजिस्ट्रार प्रथम एवं द्वितीय के अनुपस्थित रहने के कारण अपर आयुक्त ने अग्रिम आदेशों तक वेतन रोकने के आदेश दिए। समाधान दिवस के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कृतिराज सिंह, तहसीलदार पुष्कर मिश्रा साहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। सिरसागंज तहसील में आयोजित समाधान दिवस में पुलिस कप्तान सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। संपूर्ण समाधान दिवस में 56 शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें तहसील के अधिकारियों ने मौके पर ही 7 शिकायतों का निस्तारण कराया। बाकी बची शिकायतों को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस व अधिकतम एक सप्ताह में निस्तारण कराने के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कई शिकायती प्रकरणों में शिकायतकर्ताओं के साथ ही राजस्व, पुलिस व संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को प्रभावी व गुणवत्तापूर्ण शिकायत निस्तारण करने के लिए मौके पर ही भेजा।
मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने अधिकतर जमीन के कब्जें व अतिक्रमण एवं विद्युत विभाग की शिकायतों पर नाराजगी जताई। एसडीएम सिरसागंज को निर्देश दिए कि वह ऐसे लोगों को चिन्हित करें जो सरकारी व निजी भूमि पर कब्जे करने के आदी है। एक बार अतिक्रमण हटवाने के बाद फिर से अतिक्रमण कर लेते हैं और ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम बदन राम, उपजिलाधिकारी सिरसागंज सत्येंद्र कुमार, तहसीलदार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
संपूर्ण समाधान दिवस में आई 22 शिकायतें
टूंडला। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस एसडीएम डॉ. गजेंद्रपाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। समाधान दिवस में कुल 22 शिकायतें आईं। इन शिकायतों में से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शिकायतें जमीन व पुलिस से संबंधित शिकायतें आई। एसडीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को समय सीमा के अंदर शिकायतों के निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।